बेंगलुरु में हुए बेहद रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने बांग्लादेश को एक रन से हरा दिया.
भारत ने हाल ही में एशिया कप के फ़ाइनल में भी बांग्लादेश को हराया था.
लेकिन बेंगलुरु में हुए मैच का अंतिम ओवर शायद ही प्रसंशक भूल पाएं.
147 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे बांग्लादेश को अंतिम ओवर में 11 रन बनाने थे और उसके पास चार विकेट बाक़ी थे.
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने युवा गेंदबाज़ हार्दिक पंड्या में भरोसा जताकर गेंद उन्हें थमा दी.
अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर महमूदुल्लाह ने एक रन लेकर स्ट्राइक मुशफिकुर को दी.
मुशफिकुर ने दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो चौके जड़ दिए और मैच बांग्लादेश की झोली में दिखने लगा.
लेकिन चौथी और पांचवी गेंद पर हार्दिक पंडया ने मुशफिकुर और महमूदुल्लाह को कैच आउट करा दिया.
दोनों ही बल्लेबाज़ बड़े शॉट खेलने के लालच में गेंद हवा में उछाल बैठे और फ़ील्डरों ने कोई ग़लती नहीं की.
अब आख़िरी गेंद पर जीतने के लिए बांग्लादेश को दो रन बनाने थे.
लेकिन अंतिम गेंद पर शुवागता बीट हो गए और एक रन लेने की कोशिश में मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को धोनी ने रन आउट कर दिया.
बांग्लादेश निर्धारित बीस ओवरों में 9 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी.
जो टीम एक समय मैच जीतती हुई दिख रही थी वो हार गई.
source:बीबीसी हिन्दी
loading...

0 Comments
We Will Love to Hear From You! Pls Comment Your Views...........