AD

बिहार बोर्ड ने टॉपर से पूछा मैथ्स का फॉर्मूला, जवाब मिला- ऐसे सवाल मत पूछो, सुसाइड कर लूंगा



पटना। बिहार बोर्ड की ओर से शुक्रवार को टॉपर का इंटरव्यू लिया गया। इस टेस्ट में आट्‌र्स टॉपर रूबी राय बीमारी का बहाना बनाकर नहीं आईं। साथ ही दो और टॉपर भी अनुपस्थित रहे। बाकी 11 टॉपर मौजूद रहे।



बोर्ड कार्यालय के सभागार में 15 सदस्यीय एक्सपर्ट कमेटी ने टॉपर्स की एक-एक घंटे की लिखित व मौखिक परीक्षा ली। ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे। सब्जेक्टिव का जवाब लिखवाया।

साइंस टॉपर सौरभ श्रेष्ठ से कमेटी ने सवाल पूछना शुरू किए। सवाल किया कि कैलकुलस के इंटीग्रेशन बाई पार्ट्स का फार्मूला बताइए? जवाब देने की जगह सौरभ ने कहा, ऐसे सवाल न करिए, यहीं आत्महत्या कर लूंगा। पिछले तीन-चार दिनों में मुझे काफी मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी है। अब मैं जवाब देने की स्थिति में नहीं हूं।

उसका जवाब सुनकर विशेषज्ञ भी घबरा गए। कहीं कुछ कर न ले, जिससे बोर्ड की साख पर बट्टा लगे। उसे तुरंत पानी मंगाकर पिलाया गया। धमकी के बाद इंटरव्यू पैनल ने हिचक के साथ कुछ सवाल पूछे और उसे शांत कराकर बाहर भेजा।



15 विषय विशेषज्ञों में 12 सब्जेक्ट एक्सपर्ट और तीन कदाचार समिति के सदस्य थे। एक पैनल साइंस के टॉपरों की परीक्षा ले रहा था तो एक आर्ट्स के टॉपरों का। एक पैनल कदाचार समिति का था, जो हस्ताक्षर मिलान कर रहा था।

हर विद्यार्थी का एक घंटे से ज्यादा समय तक इंटरव्यू लिया गया। 25 से 30 सवाल पूछे गए। इसके बाद प्रश्नों का उत्तर भी लिखने को कहा गया। इंटरव्यू दोपहर 3:15 बजे से रात 10:30 बजे तक चला।



वहीं रूबी राय ने बोर्ड को आवेदन भेजा। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी से गुजरने के चलते उसका टेस्ट देना संभव नहीं है। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले पर परामर्श लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



इंटरव्यू के बाद बोर्ड अध्यक्ष प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी विद्यार्थियों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। कुल 15 विशेषज्ञों की टीम ने एक-एक विद्यार्थियों की मेधा जांची। सभी टॉपर रियल हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि एक अच्छा लेखक अच्छा वक्ता नहीं हो सकता है।
टीवी कैमरा देख बच्चे नर्वस हो गए हों, यह भी हो सकता है। सभी विद्यार्थियों का परिणाम शनिवार को शिक्षा विभाग को भेज दिया जाएगा। इसके बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा कि मेरिट लिस्ट में बदलाव किया जाएगा या नहीं। वहीं, रूबी पर फैसला कानूनी सलाहकार से मशविरा कर लिया जाएगा।




Source: liveindia
loading...

Post a Comment

0 Comments